जामताड़ा। शहर के रजवाड़ी इंडोर स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय अस्मिता वुशु लीग प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। जामताड़ा जिला वुशु एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में सामर्थ्य सेल्फ डिफेंस एकेडमी की बालिका खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

एकेडमी की खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में छह स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य, यानी कुल 15 पदक हासिल कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

समापन समारोह में मुख्य अतिथि समाजसेवी विपिन दुबे और अति विशिष्ट अतिथि ज्ञान रेनू विद्या निकेतन के निदेशक श्यामल मंडल, जिला वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष महाप्रसाद दत्ता, खेल निदेशक दीपक दुबे और हॉकी जामताड़ा के उपाध्यक्ष किरण मिश्रा मौजूद रहे।

अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न, पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

एडवर्ड इंग्लिश स्कूल रहा उपविजेता

प्रतियोगिता में एडवर्ड इंग्लिश स्कूल की बालिका खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक हासिल कर उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।

वहीं केंद्रीय विद्यालय ने एक स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य पदक के साथ द्वितीय उपविजेता का खिताब हासिल किया। झारखंड आवासीय विद्यालय कर्माटांड़ प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर रहा।

15 स्कूलों और क्लबों की 247 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के 15 स्कूलों और क्लबों से 247 बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न आयु और भार वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में सफल रहने वाली खिलाड़ी आगामी राज्य स्तरीय अस्मिता वुशु लीग में जामताड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

बालिका खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने पर जोर

जिला वुशु एसोसिएशन के निदेशक दीपक दुबे ने बताया कि भारत सरकार के खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया के तहत देशभर में अस्मिता वुशु लीग का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना है।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सचिव राहुल सिंह, कोषाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, परिणीता सिंह, सूरज कुमार पासवान, भास्कर चांद, शांतनु सेन, संजीव सेन, विल्सन किस्कू, मयंक पांडे, सुभदीप सरकार, देवाशी हेंब्रम, विजय तिवारी, अमित राय, रितु गौराय, मौसम कुमारी और अरघ चटर्जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।