जामताड़ा जेटेट परीक्षा 2026 20 केंद्र 8756 परीक्षार्थी
जामताड़ा: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग सह समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, दंडाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिले के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर 1 नवंबर 2026 (रविवार) को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें कुल 8756 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित है। बैठक में उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या प्रक्रियागत चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, घड़ी, बैग, पर्स, बेल्ट, टोपी और स्कार्फ सहित प्रतिबंधित सामग्रियों को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। महिला परीक्षार्थियों की तलाशी केवल महिला पुलिस अधिकारी ही करेंगी। उपायुक्त ने प्री-फिल्ड ओएमआर शीट के वितरण में विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षार्थी को उसके रोल नंबर के अनुसार ही ओएमआर शीट उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था मजबूत रखने, प्रश्नपत्र समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा को लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, एसडीपीओ वसीम रजा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आवश्यक जानकारी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर
9771969917 जारी किया गया है।परीक्षा केंद्रों पर प्रतिबंधित सामग्रियों की अनुमति नहीं
ओएमआर शीट और सीसीटीवी निगरानी पर विशेष जोर
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई: एसपी














