बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर लापता, पायलट समेत 6 लोग थे सवार: जोशीमठ के पास सर्च ऑपरेशन जारी
उत्तराखंड: बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का एक हेलीकॉप्टर लापता हो गया है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें रवाना की गई हैं। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजकर 12 मिनट पर ट्रांस भारत एविएशन कंपनी के हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के लगभग 15 मिनट बाद हेलीकॉप्टर का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और रेडियो संपर्क टूट गया। इसके बाद से लगातार संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हेलीकॉप्टर का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की आखिरी लोकेशन जोशीमठ के चाई गांव के पास मिली थी। आशंका जताई जा रही है कि हेलीकॉप्टर पहाड़ी क्षेत्र में किसी चट्टान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ हो सकता है। हालांकि, अभी तक हेलीकॉप्टर का मलबा मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी के मुताबिक, जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी वस्तु में आग लगने की सूचना मिली है। स्थिति का पता लगाने के लिए दूसरे हेलीकॉप्टरों को रेकी के लिए भेजा गया है। वहीं, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें पहाड़ी क्षेत्र में तलाश अभियान चला रही हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर में पायलट हिमांशु के अलावा पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रथापा, अरुण सालुंके, शंकरगौड़ा वीजी, सुधीर के और एच.एस. नागाराजा के रूप में बताई गई है। हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने के बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें संभावित घटनास्थल के आसपास तलाश कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर दुर्घटना की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की ओर से संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों के सकुशल होने की कामना की है। फिलहाल हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों के बारे में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। राहत एवं बचाव दल का सर्च ऑपरेशन जारी है।जोशीमठ के चाई गांव के पास मिली आखिरी लोकेशन
हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग थे सवार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताई चिंता














