हजारीबाग: नए साल के स्वागत और गुरु नानक जयंती के अवसर पर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने गुरु गोविंद सिंह रोड पर विशेष सफाई अभियान चलाया। अभियान के दूसरे दिन जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से सड़क किनारे जमा कचरे को हटाया गया। इस दौरान उपमहापौर अविनाश कुमार यादव, नगर निगम के कर्मियों, वार्ड पार्षदों, गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने भी सफाई में भाग लिया।

हालांकि, सफाई अभियान के बीच डेली मार्केट से निकलने वाले कचरे को लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि बाजार का कचरा लाकर दिलखुश होटल के सामने जमा कर दिया जाता है। इससे आसपास गंदगी और दुर्गंध फैलती है। वहीं, स्कूल के समय सफाई अभियान चलने से सड़क पर जाम की स्थिति बनने और बच्चों को परेशानी होने की शिकायत भी सामने आई।

सफाई होती है, फिर लौट आता है कचरे का ढेर

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि नगर निगम की टीम सफाई कर कचरा हटा देती है, लेकिन कुछ समय बाद उसी जगह फिर कचरे का ढेर लग जाता है। लोगों के मुताबिक डेली मार्केट में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है और कर्मचारियों की कमी के कारण वहां नियमित सफाई नहीं हो पाती।

बाजार से निकलने वाला कचरा सड़क किनारे जमा होने से दुकानदारों, राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय दुकानदारों ने बाजार की सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि केवल कचरा हटाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि कचरा जमा होने से रोकने की स्थायी व्यवस्था करनी होगी।

जेसीबी और ट्रैक्टर से सफाई, स्कूल के समय लगा जाम

अभियान के दौरान सड़क पर जेसीबी और ट्रैक्टर की मौजूदगी से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह रोड व्यस्त मार्ग है और इसी रास्ते से बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे और अन्य लोग आवागमन करते हैं।

स्कूल-कॉलेज के समय सफाई अभियान चलने से बच्चों और शिक्षकों को परेशानी हुई। एक महिला ने नगर निगम से सफाई अभियान का समय बदलने की अपील की। उनका कहना था कि सफाई ऐसे समय कराई जाए, जब स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को जाम का सामना न करना पड़े।

उपमहापौर बोले- कचरा डंपिंग रोकने के लिए तलाश रहे विकल्प

उपमहापौर अविनाश यादव ने बताया कि 21 नवंबर से शुरू हुआ विशेष सफाई अभियान 31 दिसंबर तक शहर के अलग-अलग वार्डों और मोहल्लों में चलाया जाएगा। इसके तहत पगोडा चौक, आनंदा चौक, इंदिरापुरी चौक, झंडा चौक समेत आसपास के इलाकों में सफाई कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि नए साल के बाद भी शहर की सफाई व्यवस्था नियमित बनाए रखने के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

दिलखुश होटल के सामने कचरा जमा होने की शिकायत पर उपमहापौर ने कहा कि नगर निगम ऐसी वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने का प्रयास कर रहा है, जिससे वहां कचरा डंप न हो और उसे सीधे उठाकर ले जाया जा सके।

उन्होंने दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों में डस्टबिन रखने और कचरा सड़क पर फेंकने के बजाय नगर निगम की कचरा संग्रहण गाड़ी में डालने की अपील की।

गुरु नानक जयंती को लेकर हुई विशेष सफाई

गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य तनवीर सिंह ने बताया कि गुरु नानक जयंती के अवसर पर इस मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुजरते हैं। उनके अनुसार, आयोजन में करीब चार से पांच हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

इस अवसर पर सुबह से कीर्तन, पाठ और लंगर का आयोजन किया जाता है। ऐसे में सड़क और आसपास के इलाके को साफ रखना जरूरी है। गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों ने नगर निगम के सफाई अभियान की सराहना करते हुए डेली मार्केट के कचरे की समस्या पर स्थायी समाधान और सख्ती बरतने का आग्रह किया।

स्थायी समाधान की मांग

अभियान में शामिल स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम की यह पहल केवल विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि शहर की नियमित सफाई व्यवस्था का हिस्सा बनेगी।

अब लोगों की नजर इस बात पर है कि डेली मार्केट के कचरे को लेकर स्थायी व्यवस्था कब तक लागू होती है और सफाई अभियान के समय में बदलाव कर स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को राहत मिलती है या नहीं।