रामगढ़: जिले के भुरकुंडा स्थित इच्छापूर्ण प्राचीन हनुमान मंदिर सह खोपड़िया बाबा धर्मशाला में मंदिर कमेटी की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से मकर संक्रांति 2027 के पावन अवसर पर 24 घंटे का अखंड हरिनाम अष्टयाम-कीर्तन, भव्य जागरण और विशाल भंडारा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

हर वर्ष की परंपरा को जारी रखते हुए इस बार भी कार्यक्रम को भव्य रूप देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए बैठक में नई आयोजन समिति का गठन भी किया गया।

इस बार भी आमंत्रित होंगे प्रसिद्ध कीर्तन गायक कुमार अर्जुन

पिछले वर्ष आयोजित अष्टयाम-कीर्तन में यूपी-बिहार के प्रसिद्ध कीर्तन गायक कुमार अर्जुन की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया था। उनके भक्ति गीतों और कीर्तन की लोगों ने खूब सराहना की थी।

स्थानीय श्रद्धालुओं की विशेष मांग को देखते हुए इस वर्ष भी कुमार अर्जुन को कार्यक्रम में आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। उनके आगमन की संभावना से श्रद्धालुओं में अभी से उत्साह देखा जा रहा है।

नई आयोजन समिति का हुआ गठन

बैठक की अध्यक्षता विनय मिश्रा ने की, जबकि संचालन बाबूलाल नायक ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से अष्टयाम अखंड हरिनाम संकीर्तन आयोजन समिति का गठन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सदस्यों के बीच विभिन्न जिम्मेदारियों पर भी चर्चा हुई।

समिति में संरक्षक के रूप में प्रदीप मांझी, विनय मिश्रा और राजू पांडेय को जिम्मेदारी दी गई। वहीं, विशिष्ट अध्यक्ष पप्पू सिंह और अध्यक्ष अमित साहू (फौजी) बनाए गए।

समिति में किसे मिली कौन-सी जिम्मेदारी?

  • अध्यक्ष: अमित साहू (फौजी)

  • विशिष्ट अध्यक्ष: पप्पू सिंह

  • संरक्षक: प्रदीप मांझी, विनय मिश्रा और राजू पांडेय

  • सचिव: बाबूलाल नायक

  • कोषाध्यक्ष: योगेश दांगी एवं लोकेश कुमार

  • उपाध्यक्ष: राजेंद्र सिंह एवं अजय पासवान

  • कार्यक्रम प्रभारी: अभिषेक मिश्रा

  • सह सचिव: सतीश ठाकुर, राजेंद्र रोशन एवं बिट्टू गुप्ता

वहीं, सक्रिय सदस्यों में राहुल आनंद, अर्चिल सिन्हा, सुमित कुमार वर्मा, वासु सिंह राजपूत, मिंटू कुमार, आकाश कुमार, शिवम राणा और पृथ्वी कुमार वर्मा शामिल हैं।

बैठक में सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए आपसी सहयोग और समन्वय के साथ काम करने का संकल्प लिया।