गुमला बॉक्साइट खनन के खिलाफ आंदोलन का तीसरा दिन लपसर में रोके गए ट्रक
गुमला: बॉक्साइट खनन से
जुड़ी मांगों को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। आंदोलन
स्थल पर बड़ी संख्या में रैयत ग्रामीण, महिलाएं और खनन क्षेत्र से जुड़े मजदूर मौजूद हैं।
प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। जानकारी
के अनुसार, सूरज कुमार नायक के नेतृत्व में
मंगलवार को 10 सदस्यीय
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त गुमला और हिंडाल्को के जीएम के साथ वार्ता की थी।
प्रतिनिधिमंडल और प्रशासन के बीच हुई बातचीत के बावजूद आंदोलन समाप्त नहीं हुआ और
ग्रामीण लगातार आंदोलन स्थल पर डटे हुए हैं। आंदोलन
के दौरान सेरेगदाग बॉक्साइट
माइन्स खनन क्षेत्र से चलने वाले बॉक्साइट ट्रकों को लपसर गांव के पास रोका गया
है। इसके
कारण खनन क्षेत्र से बॉक्साइट परिवहन प्रभावित होने की बात सामने आई है। आंदोलन
स्थल पर प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई है। ग्रामीण अपने-अपने
घरों से चावल, दाल, सब्जी और लकड़ी लेकर पहुंच रहे हैं
और सामूहिक रूप से भोजन तैयार कर रहे हैं। ग्रामीणों
का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और
जब तक उनकी मांगों पर उचित समाधान नहीं निकलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इधर,
आंदोलन स्थल पर पुलिस प्रशासन की ओर से
किसी विशेष सुरक्षा व्यवस्था के नहीं होने की बात भी सामने आई है। वहीं, कुंजाम बॉक्साइट खनन क्षेत्र में काम करने वाले मजदूर भी आंदोलनकारियों के
साथ अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे हुए हैं। ग्रामीणों
और मजदूरों की ओर से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रहने के कारण आने वाले दिनों
में प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच आगे की बातचीत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।















