गुमला देवाकी कुजाम और चिरोडीह में बॉक्साइट वाहनों की सघन जांच 40 हजार जुर्माना
गुमला: जिले में सड़क
सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर
कार्रवाई को लेकर जिला प्रशासन ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। बुधवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो और जिला परिवहन पदाधिकारी सत्येंद्र महतो के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान
के तहत घाघरा के देवाकी क्षेत्र,
बिशुनपुर के कुजाम और चिरोडीह में मुख्य रूप से बॉक्साइट परिवहन में
लगे भारी वाहनों को जांच के दायरे में रखा गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने
वाले वाहन मालिकों और चालकों से कुल 40 हजार रुपये का
जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई
का नेतृत्व मोटर यान निरीक्षक रॉबिन अजय सिंह और प्रदीप कुमार तिर्की ने संयुक्त रूप से किया। टीम ने
बॉक्साइट लदे भारी वाहनों को रोककर उनके आवश्यक दस्तावेजों की गहनता से जांच की। जांच
के दौरान वाहनों के इंश्योरेंस, प्रदूषण नियंत्रण
प्रमाणपत्र, रूट परमिट और फिटनेस
प्रमाणपत्र समेत अन्य जरूरी कागजातों का सत्यापन किया गया। अधिकारियों के
अनुसार, जांच में कुछ वाहनों
के दस्तावेज अधूरे पाए गए, जबकि
कुछ कागजात की वैधता भी समाप्त हो चुकी थी। मोटर
वाहन अधिनियम के तहत जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने और नियमों का उल्लंघन करने
वाले वाहनों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई की गई। संबंधित वाहन मालिकों और चालकों से
जुर्माना वसूलने के साथ उन्हें भविष्य में पूर्ण और वैध दस्तावेजों के बिना वाहन
नहीं चलाने की हिदायत दी गई। उपायुक्त
दिलेश्वर महतो और जिला परिवहन पदाधिकारी सत्येंद्र महतो ने कहा कि यातायात नियमों
और सड़क सुरक्षा के मामले में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि भारी मालवाहक वाहनों, विशेषकर बॉक्साइट परिवहन में लगे वाहनों
की नियमित जांच की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार,
सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को
मजबूत करने के उद्देश्य से यह सघन वाहन जांच अभियान आने वाले दिनों में भी जिले के
अलग-अलग थाना क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर जारी रहेगा।नियम तोड़ने वालों पर
आगे भी कार्रवाई














