गिरिडीह: जिले के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित कल्याण निकेतन के समीप शिखरजी की यात्रा पूरी कर लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बस विपरीत दिशा में जाकर गड्ढे में एक तरफ लटक गई। इस हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

सूरत के रहने वाले थे मृतक दंपती

मृतकों की पहचान गुजरात के सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि गुजरात से आए जैन श्रद्धालु पारसनाथ स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल शिखरजी की यात्रा और दर्शन के लिए पहुंचे थे।

यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालुओं का करीब 10 गाड़ियों का जत्था टाटा लौट रहा था। टाटा से सभी को ट्रेन पकड़कर गुजरात जाना था। इसी दौरान जत्थे में शामिल एक बस मधुबन के कल्याण निकेतन के पास अचानक अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई।

पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में लटक गई बस

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद बस सड़क की विपरीत दिशा में जाकर किनारे स्थित गड्ढे में एक तरफ झुककर फंस गई।

हादसे के बाद कई यात्री बस के अंदर फंस गए, जबकि कुछ घायल यात्री किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में मदद की।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत-बचाव अभियान

घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की बात कही गई।

क्या कहते हैं डुमरी एसडीपीओ?

डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि यात्रियों का करीब 10 गाड़ियों का जत्था शिखरजी की यात्रा पूरी कर टाटा लौट रहा था। इसी दौरान जत्थे में शामिल एक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और सड़क किनारे गड्ढे में जाकर एक तरफ झुककर फंस गई।

उन्होंने बताया कि हादसे में पति-पत्नी की मौत हुई है, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

तीर्थयात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं में शोक

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की और घटना के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। शिखरजी की पवित्र यात्रा पूरी कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे से उनके परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।