पबरा विद्यालय में नशा मुक्ति साइबर अपराध और बाल सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम
हजारीबाग पुलिस अधीक्षक
के निर्देश पर झारखंड सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत बुधवार
को पेलावल ओपी क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय पबरा में जागरूकता
कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पेलावल ओपी प्रभारी ने किया। इस दौरान
विद्यालय के छात्र-छात्राओं को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही नशे से जुड़े अपराधों और उनके विरुद्ध लागू कानूनी प्रावधानों से भी अवगत
कराया गया। कार्यक्रम में
बच्चों को आपातकालीन सेवा डायल 112 के उपयोग और
उसकी महत्ता के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा साइबर अपराधों से बचाव ऑनलाइन ठगी के
विभिन्न तरीकों तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी जागरूक किया गया। पुलिस
अधिकारियों ने बच्चों के साथ होने वाले अपराधों बाल अधिकारों
तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित अधिकारियों को देने
की सलाह दी। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व
आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। कार्यक्रम के
दौरान छात्रों ने भी विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे जिनका पुलिस
अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। जागरूकता अभियान का उद्देश्य बच्चों को
सुरक्षित जिम्मेदार और कानून के प्रति सजग नागरिक बनाना है।














