जामताड़ा: जिले के जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत उदलबनी गांव से कोयले की कथित अवैध चोरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ईसीएल क्षेत्र से जामताड़ा रेलवे साइडिंग आने वाले डंपरों से दिनदहाड़े कोयला उतारा जा रहा है। इसके बदले डंपरों में पत्थर भर दिए जाते हैं, ताकि वजन में अंतर पकड़ में न आए। इस पूरे घटनाक्रम ने कोयला परिवहन और प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन 250 से अधिक डंपर और हाइवा के माध्यम से कोयला जामताड़ा रेलवे साइडिंग पहुंचाया जाता है। यहां से कोयले को मालगाड़ियों के जरिए विभिन्न राज्यों में भेजा जाता है। आरोप है कि रेलवे साइडिंग तक पहुंचने से पहले ही उदलबनी समेत अन्य स्थानों पर कुछ ट्रक चालकों और कथित माफियाओं की मिलीभगत से कोयले की चोरी की जाती है।

बताया जा रहा है कि डंपरों से जितनी मात्रा में कोयला उतारा जाता है, उसके बराबर पत्थर भर दिए जाते हैं। इससे वजन में गड़बड़ी पकड़ना मुश्किल हो सकता है। उदलबनी में कतारबद्ध खड़े डंपरों से कथित तौर पर हो रही इस गतिविधि ने स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज कर दी है।

गौरतलब है कि जिला प्रशासन की ओर से खनन और कोयला परिवहन व्यवस्था को लेकर समय-समय पर बैठकें की जाती रही हैं। जिले के उपायुक्त द्वारा अवैध कारोबार पर रोक लगाने और डंपर-हाइवा में जीपीएस लगाने के निर्देश दिए जाने की बात भी सामने आती रही है। इसके बावजूद यदि दिनदहाड़े इस तरह की गतिविधियां हो रही हैं, तो निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और कथित कोयला चोरी के इस खेल पर कब तक रोक लग पाती है।