भवनाथपुर: सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ने वाले सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता को शुक्रवार को नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। सुबह उनका पार्थिव शरीर भवनाथपुर स्थित पैतृक आवास कर्पूरी चौक पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। परिजनों के विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पुष्प अर्पित कर जवान को श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान लोगों ने 'वीर ओमप्रकाश अमर रहें' और 'जब तक सूरज-चांद रहेगा, ओमप्रकाश गुप्ता तेरा नाम रहेगा' जैसे नारे लगाकर अपने वीर सपूत को याद किया। जवान के पार्थिव शरीर के पहुंचते ही परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। पूरे भवनाथपुर प्रखंड सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल रहा।

विधायक अनंत प्रताप देव ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश गुप्ता का निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। देश की सेवा में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने भी जवान को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिजनों से मिलकर दुख की इस घड़ी में धैर्य रखने की अपील की। वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय कमेटी सदस्य ताहिर अंसारी ने भी पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इसके अलावा भवनाथपुर प्रमुख शोभा पाठक, जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा, चपरी पंचायत के मुखिया शैलेश चौबे, मंडल अध्यक्ष भानु गुप्ता, मुखिया प्रत्याशी दीपू गुप्ता, सुरेश साहू, सुनील सिंह, धीरेंद्र सिंह, सुजीत कुमार, भाजपा नेता राजा सिंह, कृष्ण कुमार, विनय कुमार गुप्ता और दामोदर प्रसाद गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने श्रद्धांजलि दी।

CRPF जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

172 बटालियन सीआरपीएफ गढ़वा के डिप्टी कमांडेंट अजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे जवानों ने ओमप्रकाश गुप्ता को पूरे सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान उप कमांडेंट उमाकांत ओझा, निरीक्षक दुर्गा प्रसाद, हवलदार लव सिंह, सुनील राय, सुशील सिंह, ब्रजेश गुप्ता, अतुल कुमार यादव और राहुल सिंह सहित सीआरपीएफ के अन्य जवान मौजूद रहे। भवनाथपुर थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी भी मौके पर उपस्थित थे।

गार्ड ऑफ ऑनर के बाद भारी जनसमूह की मौजूदगी में जवान की अंतिम यात्रा निकाली गई। भारत माता की जय और ओमप्रकाश अमर रहें के नारों के बीच लोग नम आंखों से अपने वीर सपूत को विदाई देते रहे। राजदहवा नदी स्थित श्मशान घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पिता विश्वनाथ प्रसाद शाह ने अपने पुत्र को मुखाग्नि दी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

9 नवंबर को सड़क दुर्घटना में हुए थे घायल

जानकारी के अनुसार, बीते 9 नवंबर को भवनाथपुर-श्रीबंशीधर नगर मुख्य मार्ग पर छहमइलवा स्थित विद्युत सबस्टेशन के पास दो बाइकों की टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में सीआरपीएफ जवान ओमप्रकाश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया था। वहां इलाज के दौरान बुधवार रात उनका निधन हो गया।

उनके निधन की खबर से भवनाथपुर सहित पूरे गढ़वा जिले में शोक की लहर फैल गई थी। शुक्रवार को अंतिम विदाई के दौरान उमड़ी भीड़ ने जवान के प्रति क्षेत्रवासियों के सम्मान और जुड़ाव को जाहिर किया। देशसेवा में समर्पित ओमप्रकाश गुप्ता की यादें हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगी।