छतरपुर में 1.10 करोड़ से 11 सड़क-नाली योजनाओं का शिलान्यास, जलजमाव से मिलेगी राहत
छतरपुर (पलामू): छतरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में कुल 1 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 11 सड़क एवं नाली निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ चुनमुन, उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव और संबंधित वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ चुनमुन ने कहा कि छतरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। सड़क और नाली निर्माण की इन योजनाओं को स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के पूरा होने से जर्जर सड़कों, जलजमाव और जल निकासी की समस्या से लोगों को काफी राहत मिलेगी। नगर पंचायत का प्रयास है कि प्रत्येक वार्ड तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और नागरिकों को बेहतर सड़क, नाली सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं मिलें। अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित कनीय अभियंताओं और नगर पंचायत कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन हो और सभी योजनाएं तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद अब्दुल जलील अंसारी, प्रवेश उरांव, कौशल्या देवी, उमेश कुमार यादव और राज रानी सहित पार्षद प्रतिनिधि रवि राज, सुनील कुमार यादव, प्रवेश उरांव, प्रवेश प्रसाद, रामसेवक यादव, शिव कुमार एवं मुकेश कुमार उपस्थित थे। इसके अलावा स्थानीय लोगों में नसरुल्लाह अंसारी, याद अली, मानकी चंद्रवंशी, सचिन कुमार और डॉ. मिथिलेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। नगर पंचायत कार्यालय की ओर से नगर मिशन प्रबंधक जितेंद्र कुमार, डॉ. अभिषेक प्रसाद, कनीय अभियंता अभिषेक कुमार, सूरज कुमार पासवान और सिटी मैनेजर मुर्तजा अंसारी सहित अन्य कर्मियों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में मौजूद निर्वाचित प्रतिनिधियों ने कहा कि छतरपुर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और विकसित नगर बनाने के संकल्प के साथ विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।जर्जर सड़कों और जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं: अरविंद गुप्ता
शिलान्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
स्वच्छ और विकसित छतरपुर बनाने का संकल्प














