राहुल दुबे गैंग पर हजारीबाग पुलिस सख्त, जेल से छूटे अपराधियों की बनेगी सूची
हजारीबाग: जिले में लगातार सामने आ रही फायरिंग की घटनाओं और राहुल दुबे गैंग की सक्रियता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की तैयारी की है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में सभी डीएसपी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों और थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए विशेष निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। बैठक में राहुल दुबे गैंग की ओर से हाल के दिनों में की गई फायरिंग की घटनाओं को गंभीरता से लिया गया। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही पिछले पांच वर्षों में जेल से बाहर आए संगठित अपराधियों की सूची तैयार करने और उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। पुलिस को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2026 में जिले के विभिन्न थानों में कुल 309 कांड दर्ज किए गए, जबकि 471 कांडों का निष्पादन किया गया। इस दौरान पुलिस ने 651 वारंट और कुर्की का निष्पादन किया। वहीं, 1086 पासपोर्ट और 172 चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया भी पूरी की गई। एसपी ने महिला उत्पीड़न, छेड़खानी, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर अनुसंधान पूरा करने का निर्देश दिया। इन मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा वर्ष 2026 से पहले के लंबित मामलों को भी जल्द से जल्द निपटाने का निर्देश दिया गया। बैठक में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थानों को चिह्नित करने और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। अवैध कोयला, बालू और पत्थर के उत्खनन पर रोक लगाने के लिए अंचल अधिकारियों और जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने साइबर अपराध के लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही थाने पहुंचने वाले आम लोगों की शिकायतों का समय पर समाधान करने का निर्देश दिया। पुलिस प्रशासन ने संगठित अपराध, फायरिंग, साइबर अपराध और अवैध खनन पर अंकुश लगाने के साथ जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता देने की बात कही है।पिछले पांच वर्षों में जेल से छूटे अपराधियों पर रहेगी नजर
अक्टूबर में 309 मामले दर्ज, 471 कांडों का निष्पादन
महिला अपराध और पॉक्सो के लंबित मामलों पर विशेष फोकस
नशे और अवैध खनन के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान
साइबर अपराध और आम लोगों की शिकायतों पर भी निर्देश














