बोकारो: जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और ₹1.10 लाख नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिवार के बाहर जाते ही चोरों ने बोला धावा

जानकारी के अनुसार, यह घटना सुतरीबेड़ा रोड स्थित गैस एजेंसी के समीप हुई। गृहस्वामी इबरान अंसारी, पिता मकबूल अंसारी, 15 जुलाई की सुबह अपने दोस्त के साथ मेदारमनी घूमने गए थे। उनके जाने के कुछ समय बाद उनकी पत्नी सब्बा परवीन भी बच्चों के साथ घर में ताला लगाकर अपने मायके करकट्टा चली गईं।

घर कई दिनों तक बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

लौटने पर टूटा मिला ताला, बिखरा पड़ा था सामान

18 जुलाई की सुबह जब इबरान अंसारी घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारियां टूटी हुई थीं और सामान बिखरा पड़ा था।

गृहस्वामी के अनुसार, चोर उनके कमरे से सोने की कान की बाली, नाक की नथनी, मांग टीका, अंगूठी सहित कई कीमती जेवरात और चांदी के पायल लेकर फरार हो गए।

दूसरे कमरे से ₹1.10 लाख नकद भी चोरी

चोरों ने इबरान अंसारी के भाई मकसूद अंसारी के कमरे का ताला भी तोड़ दिया। वहां से ₹1 लाख 10 हजार नकद, सोने की अंगूठी, झुमका, नथनी और अन्य आभूषण चोरी कर लिए।

पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरी में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद चंदनकियारी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।