पलामू: वन राखी मूवमेंट की स्वर्ण जयंती और केरकी कुटिया में पौधारोपण एवं नि:शुल्क पौधा वितरण के 21 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रविवार को छतरपुर प्रखंड स्थित केरकी कुटिया शिव तपोभूमि में भव्य पौधारोपण एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 17 प्रजातियों के 625 देसी एवं विदेशी पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पर्यावरणविद् डॉ. कौशल किशोर जायसवाल, जिला परिषद सदस्य अमित कुमार जायसवाल, डाली बाजार पंचायत की मुखिया पूनम जायसवाल तथा अन्य अतिथियों ने सामूहिक पौधारोपण कर किया। इस दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत भी पौधा लगाया गया और वृक्षों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया गया।
21 वर्षों में उजड़ी भूमि बनी हरित क्षेत्र
डॉ. कौशल किशोर जायसवाल ने बताया कि वर्ष 2005 में केरकी कुटिया की भूमि पर पौधारोपण का अभियान शुरू किया गया था। स्थानीय लोगों के सहयोग से शुरू हुआ यह अभियान आज भी लगातार जारी है।
जिला परिषद सदस्य अमित कुमार जायसवाल ने कहा कि 21 वर्ष पहले निजी खर्च से केरकी कुटिया की 27 एकड़ भूमि में बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराया गया था, जो अब घने जंगल का स्वरूप ले चुका है।
महिलाओं से पौधों की देखभाल की अपील
मुखिया पूनम जायसवाल ने महिलाओं से पौधों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करने की अपील करते हुए कहा कि जैसे बच्चे परिवार का भविष्य होते हैं, वैसे ही पेड़ समाज और प्रकृति के लिए अमूल्य धरोहर हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. कौशल किशोर जायसवाल के पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके अभियान से क्षेत्र में हरियाली बढ़ी है और हजारों पौधे आज बड़े वृक्ष बन चुके हैं।
इस अवसर पर मनोज गुप्ता, कपिल सिंह, कृष्ण यादव, मोती साव, सुभाष बोस, संजय यादव, अफजाल अंसारी, कुलदीप सिंह, बिरजू सिंह, मुन्नी सिंह, जुबेर अंसारी, डोमन यादव, जेएमएम नेता सनी कुमार सहित कुटिया समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।















