रांची: मांडर प्रखंड से चार जायरीन सोमवार को इस्लाम के पवित्र सफर उमरा की अदायगी के लिए मक्का-मदीना रवाना हुए। रवाना होने से पहले सभी ने क्षेत्र, राज्य और देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की।
जानकारी के अनुसार बिसहाखटंगा निवासी कलीम अंसारी एवं उनकी पत्नी नजमा खातून, तथा मिशन नवाटांड़ निवासी नजीब अंसारी एवं उनकी पत्नी लैलुन खातून उमरा यात्रा के लिए रवाना हुए।
रवानगी से पहले दोनों परिवारों के घरों में दुआओं का आयोजन हुआ, जहां परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने मुलाकात कर उनके सफल और सुरक्षित सफर की कामना की। लोगों ने जायरीनों से देश, समाज और क्षेत्र की शांति एवं विकास के लिए भी दुआ करने का अनुरोध किया।
परिवार के सदस्य सभी जायरीनों को विदा करने के लिए रांची एयरपोर्ट पहुंचे। वहां भावुक माहौल में सभी ने उन्हें शुभकामनाओं और दुआओं के साथ रुख्सत किया।
बताया गया कि कलीम अंसारी, प्रखंड अंजुमन कमेटी मांडर के नायब सेक्रेटरी अमानत अंसारी के बड़े भाई हैं, जबकि नजीब अंसारी, मिशन नवाटांड़ निवासी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता रशीद अंसारी के बड़े भाई हैं।
क्षेत्रवासियों ने सभी जायरीनों की सफल उमरा यात्रा और सकुशल वतन वापसी की दुआ की।















