बस में खड़े होकर सफर करने वाले यात्रियों से लिया जाए आधा किराया, देवकी देवी ने मुख्यमंत्री को सौंपा मांग पत्र
गुमला: झारखंड प्रदेश प्रतिज्ञा महिला एसोसिएशन की गुमला जिला अध्यक्ष देवकी देवी ने यात्री बसों में सीट से अधिक यात्रियों को बैठाने और खड़े होकर यात्रा करने वाले यात्रियों से पूरा किराया वसूले जाने के मुद्दे को उठाया है। इस संबंध में उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। देवकी देवी ने अपने मांग पत्र में कहा है कि कई यात्री बसों में निर्धारित सीटों से अधिक यात्रियों को सवार किया जाता है। सीट उपलब्ध नहीं होने के कारण यात्रियों को खड़े होकर ही लंबी दूरी तक सफर करना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की है कि यदि किसी यात्री को बस में सीट उपलब्ध नहीं कराई जाती और उसे खड़े होकर यात्रा करनी पड़ती है, तो ऐसे यात्री से पूरा किराया लेने के बजाय आधा किराया लिया जाना चाहिए। देवकी देवी ने कहा कि उनका संगठन यात्रियों की इस समस्या को लेकर सरकार और संबंधित विभाग से उचित व्यवस्था बनाने की मांग करता है। साथ ही बसों में क्षमता से अधिक यात्रियों को सवार करने की समस्या पर भी प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि यात्रियों को असुविधा और परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए उनकी मांग पर विचार किया जाए तथा संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।















