रांची: रांची के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मंगलवार को चान्हो प्रखंड के बेयासी गांव के आदिवासी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर जमीन पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत की। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई की मांग की।

CO और थाना को जांच का निर्देश

उपायुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारी (CO), चान्हो को स्थानीय चान्हो थाना के सहयोग से पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित आदिवासी परिवारों के वैध अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

'आदिवासी समुदाय हमारी रीढ़ है'

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा,

"आदिवासी समुदाय हमारे जिले की रीढ़ हैं। उनकी जमीन से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत को जिला प्रशासन शून्य सहनशीलता के साथ देखता है। किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

भूमि विवादों में सख्त कार्रवाई का संदेश

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भूमि संबंधी विवादों में कानून के अनुसार सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और किसी भी व्यक्ति को अवैध कब्जे की अनुमति नहीं दी जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भूमि संबंधी किसी भी शिकायत की जानकारी संबंधित अधिकारियों या जिला प्रशासन को दें, ताकि समय पर जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।