जामताड़ा: नारायणपुर प्रखंड के चम्पापुर गांव में मंगलवार को वन्यजीव संरक्षण का एक प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। गांव में भटककर पहुंचे एक जंगली भूरे हिरण को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचाते हुए इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हिरण का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, चम्पापुर गांव में अचानक एक भूरे रंग का हिरण पहुंच गया, जिसे देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हालांकि, ग्रामीणों ने समझदारी और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए हिरण को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचाया और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम, जिसमें सपन कुमार पंडित, चंदन मंडल, राजेश सोरेन और हरि राय शामिल थे, मौके पर पहुंची। टीम ने सावधानीपूर्वक हिरण को अपने कब्जे में लेकर उसके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए प्राकृतिक आवास वाले सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि जंगलों के लगातार सिकुड़ने, पेड़ों की कटाई और प्राकृतिक आवास कम होने के कारण जंगली जानवर अक्सर आबादी वाले इलाकों की ओर भटक आते हैं। ऐसे में लोगों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहते हुए उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।

ग्रामीणों ने वन संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि यदि जंगल सुरक्षित रहेंगे, तो हिरण सहित अन्य वन्यजीव भी अपने प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रह सकेंगे। ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए भविष्य में भी वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करने का संकल्प व्यक्त किया।