मधुपुर : शहर के कुंडू बंगला रोड स्थित अग्रसेन भवन में मारवाड़ी समाज की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने एसआईआर फॉर्म भरवाए और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराया।

सोमवार शाम पांच बजे तक चले इस विशेष शिविर में 50 से अधिक मतदाताओं के एसआईआर फॉर्म ऑनलाइन किए गए। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों और नगर परिषद के कर्मियों ने लोगों को फॉर्म भरने और प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग किया।

एसडीओ राजीव कुमार ने किया शिविर का निरीक्षण

शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह एसडीओ राजीव कुमार ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए सभी पात्र मतदाताओं का पंजीकरण जरूरी है।

उन्होंने पात्र मतदाताओं से निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दस्तावेज और फॉर्म समय पर जमा करने की अपील की, ताकि मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी की जा सके।

मारवाड़ी समाज ने बताया सामाजिक दायित्व

मारवाड़ी समाज के प्रतिनिधियों ने एसआईआर अभियान में सहयोग को सामाजिक दायित्व बताते हुए लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं को जागरूक करने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में समाज की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

इस अवसर पर अंचल अधिकारी यामुन रविदास, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेंद्र किस्कु के अलावा समाजसेवी शिवकुमार मोदी, महेश बथवाल, अनूप गुटगुटिया, कन्हैया लाल कन्नू, बिट्टू बथवाल, मुकेश कलवलिया, शालिनी गुटगुटिया, रीना खेड़िया और रीना शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।