जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भैयाडीह गांव निवासी रामदुलाल पंडित की तेलंगाना में मजदूरी के दौरान गिरने से गंभीर चोट लगने के बाद मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक का शव गुरुवार को गांव पहुंचा जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार 15 मई 2026 को तेलंगाना में कार्य के दौरान दुर्घटना में घायल होने के बाद रामदुलाल पंडित की मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए अपने प्रतिनिधि अजहरुद्दीन को आवश्यक समन्वय करने का निर्देश दिया।इसके बाद संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शव को गांव तक पहुंचाने की प्रक्रिया में सहयोग किया गया। बताया गया कि मृतक का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और उनके परिवार में पत्नी तथा एक छोटा बच्चा है।घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी भी गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर सहायता प्रदान की। साथ ही परिजनों के तेलंगाना जाने की व्यवस्था भी कराई गई।पूरे घटनाक्रम के दौरान संबंधित प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंपा गया और गुरुवार को शव गांव पहुंचा।ग्रामीणों और परिजनों ने सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शव को गांव लाना परिवार के लिए कठिन था।इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और ग्रामीण मृतक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।