धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र स्थित बांसजोड़ा बस्ती में बुधवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया। घटना के दौरान मारपीट पत्थरबाजी और गोलीबारी हुई जिसमें दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार घटना में किशुन रवानी और विष्णु प्रमाणिक को गोली लगी जबकि कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी।गुरुवार को ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याकूब ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को बुधवार दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली थी कि बांसजोड़ा बस्ती में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और फायरिंग हो रही है। सूचना मिलने के बाद लोयाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची।जांच के दौरान घटनास्थल पर भारी भीड़ मौजूद थी और छह चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हालत में मिले जिनके शीशे टूटे हुए थे।स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट, पत्थरबाजी और गोलीबारी में बदल गया।तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने एक लाल रंग की कार से ड्राइविंग सीट के नीचे छिपाकर रखा गया एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया।मामले में दोनों पक्षों के आवेदन और पुलिस अधिकारी के बयान के आधार पर लोयाबाद थाना में तीन अलग अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रजनी कुमारी राजेश कुमार महतो, धर्मेंद्र महतो, मेराज अंसारी अमीत महतो समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।