भारत के खिलाफ आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक बड़े नाम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पुलवामा आतंकी हमले की साजिश में कथित भूमिका निभाने वाला आतंकी हमजा बुरहान पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर PoK में मारा गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाया। फिलहाल हमले को लेकर आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।  बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। उसकी मौत को सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।

2022 में आतंकवादी घोषित किया गया था

केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 में हमजा बुरहान को गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया था। सरकारी अधिसूचना के अनुसार वह पुलवामा क्षेत्र का रहने वाला था और प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल बदर से जुड़ा बताया गया था।

उच्च शिक्षा के बहाने पाकिस्तान गया फिर आतंकी संगठन में शामिल हुआ

जानकारी के मुताबिक  हमजा बुरहान वर्ष 2017 में उच्च शिक्षा के नाम पर पाकिस्तान गया था। बाद में वह आतंकी नेटवर्क से जुड़ गया और कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने लगा।

कैसे हुआ था पुलवामा हमला

14 फरवरी 2019 को जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ के जवानों का काफिला गुजर रहा था। इसी दौरान विस्फोटकों से भरे वाहन से सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बनाया गया। इस आतंकी हमले में 40 सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए थे। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ गया था।

जांच और परिस्थितियों पर नजर

फिलहाल हमजा बुरहान की मौत को लेकर हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों पर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।