गिरिडीह शहर में नगर निगम की ओर से एक बार फिर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। उपनगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक के निर्देश पर बुधवार को नटराज चौक से हाई स्कूल तक अभियान चलाकर अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की गई।जानकारी के अनुसार नगर निगम की टीम ने उन दुकानों को चिन्हित किया था, जिन्हें पहले अतिक्रमण मुक्त कराया गया था, लेकिन चेतावनी के बावजूद दोबारा निर्माण किए जाने की शिकायत सामने आई थी।सुबह शुरू हुई कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने कई अवैध निर्माणों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। बुलडोजर कार्रवाई शुरू होते ही इलाके में हलचल बढ़ गई और कई दुकानदार विरोध में सामने आए।कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों और निगम टीम के बीच बहस की स्थिति भी बनी। माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस बल को स्थिति संभालनी पड़ी। इसके बाद निगम टीम ने अभियान को रोककर वापस लौटने का निर्णय लिया।हालांकि नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में दोबारा अतिक्रमण की अनुमति नहीं दी जाएगी और आगे भी अभियान जारी रहेगा।इस कार्रवाई में सहायक नगर आयुक्त अशोक हसदा, दंडाधिकारी विनोद सिंह, नगर निगम कर्मी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।