मुजफ्फरपुर के चर्चित होटल में फिर पुलिस रेड
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अघोरिया बाजार स्थित चर्चित होटल द सेंटर पार्क
में मंगलवार देर रात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान
होटल के कमरों से शराब सेवन करने के आरोप में 8 युवकों और एक युवती को हिरासत में लिया गया। साथ ही होटल प्रबंधन पर नियमों की
अनदेखी के आरोप में मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक SSP के निर्देश पर काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने होटल में औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान दो अलग अलग कमरों में युवक शराब पीते मिले। पुलिस के मुताबिक एक कमरे में चार युवक और एक युवती मौजूद थे जबकि दूसरे कमरे से चार अन्य युवकों को पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से कथित तौर पर शराब की बोतलें भी बरामद की
हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध कानून Prohibition Act और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह होटल पहले भी कई विवादों में घिर
चुका है। पूर्व में यहां एक डांसर की हत्या का मामला सामने आया था। इसके अलावा
होटल परिसर में कथित अवैध गतिविधियों को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई भी हो चुकी है। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि बार बार नियमों के उल्लंघन और संदिग्ध
गतिविधियों के आरोपों को देखते हुए होटल के लाइसेंस को लेकर भी आगे कार्रवाई की जा
सकती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।














