पलामू जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने वाले कुल आठ गुड सेमेरिटीन नेक व्यक्तियों को सम्मानित किया। इस दौरान सभी को दो दो हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया। मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी DTO जितेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद करना सबसे बड़ा मानवता का कार्य है। ऐसे लोगों को सम्मानित करना प्रशासन के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इन लोगों की संवेदनशीलता और तत्परता के कारण कई घायलों की जान बच सकी।आज सम्मानित होने वालों में गुलाम मुस्तफा बसंत कुमार अशोक कुमार यादव संजीव कुमार चंद्रवंशी जफर इमाम विजय पांडे, पवन कुमार एवं आलोक पटेल शामिल रहे।जानकारी के अनुसार छतरपुर के कचनपुर निवासी अशोक कुमार यादव ने 13 अप्रैल को मदनपुर में सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय रहते छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया था। वहीं मुरूमदाग निवासी गुलाम मुस्तफा ने 15 अप्रैल को सिलदाग में हुई सड़क दुर्घटना के घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की।उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को पुलिस केस समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गोल्डन ऑवर के दौरान घायल को अस्पताल पहुंचाने से किसी की जान बचाई जा सकती है।उन्होंने बताया कि सरकार की गुड सेमेरिटीन योजना के तहत मदद करने वाले लोगों को सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाता है। उपायुक्त ने लोगों से आगे आकर मानवता का परिचय देने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में सड़क हादसों में घायलों की मदद करने की अपील की।