बाघमारा अवैध कोयला खनन को लेकर बहियारडीह में हिंसक संघर्ष
बाघमारा सोनाडीह ओपी क्षेत्र
अंतर्गत बहियारडीह में मंगलवार को अवैध कोयला खनन को लेकर ग्रामीणों और कथित कोयला
तस्करों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि इलाके में कई राउंड
गोलीबारी और बमबाजी होने की सूचना है जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल
बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार बहियारडीह बस्ती और जोगीडीह कॉलोनी के
ग्रामीण लंबे समय से क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध कोयला खनन का विरोध कर रहे थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विरोध और प्रशासन से शिकायत के बावजूद खनन
गतिविधियां बंद नहीं हुईं जिसके कारण लोगों में आक्रोश बढ़ता जा
रहा था।मंगलवार को इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही
देखते विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। घटना के दौरान ग्रामीणों और दूसरे पक्ष के
बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान दीपक
शाहू और उनके परिवार के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना है। साथ ही
उनके घर और दुकान में तोड़फोड़ की गई तथा तीन मोटरसाइकिलों को भी क्षतिग्रस्त कर
दिया गया।गोलीबारी और बमबाजी की खबर से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी
सुरक्षा को लेकर घरों में दुबक गए। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके
पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए अभियान शुरू किया।पुलिस ने इलाके
में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती कर दी है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की
जाएगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही
है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई
की जाती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। फिलहाल बहियारडीह और आसपास के क्षेत्रों में
तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।














