हजारीबाग जिला कांग्रेस कार्यालय कृष्ण बल्लभ आश्रम में मंगलवार को जननायक एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री सह जिला कांग्रेस अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल ने बिरसा मुंडा के जीवन एवं उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा भारतीय आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी और मुंडा जनजाति के महान लोकनायक थे। उन्होंने ब्रिटिश शासन के दौरान 19वीं शताब्दी के अंत में तत्कालीन बंगाल प्रेसीडेंसी वर्तमान झारखंड में आदिवासी समाज के अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए आंदोलन का नेतृत्व किया था।उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। आदिवासी समाज उन्हें भगवान के रूप में पूजता है और उन्हें धरती आबा के नाम से सम्मानित करता है। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम के पश्चात कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुराना बस स्टैंड स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें के नारे लगाए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में प्रदेश कॉर्डिनेटर बिनोद कुशवाहा प्रदेश सचिव रेणु कुशवाहा पूर्व प्रदेश सचिव शशि मोहन सिंह जिला कांग्रेस मीडिया अध्यक्ष निसार खान नगर अध्यक्ष परवेज अहमद, पूर्व नगर अध्यक्ष मनोज नारायण भगत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।