हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती के निर्देशानुसार जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं जिला सड़क सुरक्षा टीम द्वारा संयुक्त रूप से ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण किया गया।संयुक्त निरीक्षण अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी पुलिस उपाधीक्षक यातायात मोटर यान निरीक्षक एमवीआई तथा जिला सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य शामिल रहे। टीम ने जिले के विभिन्न चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का आकलन किया।निरीक्षण के दौरान मासीपिढ़ी चौक डेमोटांड़ एवं मोरंगी क्षेत्र में वाहनों की अत्यधिक गति को सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण पाया गया। वहीं दुर्घटना संभावित यूपी मोड़ पर सड़क की तीव्र ढलान एवं अंधा मोड़ होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका अधिक पाई गई।संयुक्त टीम ने इन स्थलों पर सुरक्षा संबंधी आवश्यक उपायों की तत्काल आवश्यकता पर बल देते हुए एनएचएआई रांची को निर्देश दिया कि दुर्घटना संभावित स्थलों एवं मोड़ों पर अविलंब साइनबोर्ड रंबल स्ट्रिप, ब्लिंकर एवं गति सीमा संबंधी संकेतक लगाए जाएं ताकि वाहन चालकों को समय रहते चेतावनी मिल सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।निरीक्षण के दौरान मोरंगी स्थित पेट्रोल पंप के संचालक को भी सड़क सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने कहा कि पेट्रोल पंप के आसपास एवं पहुंच मार्ग पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुरक्षित और सुगम बनी रहे।जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें सड़क संकेतकों का सम्मान करें तथा अंधे मोड़ों और ढलान वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें।