हजारीबाग केरेडारी चंद्रगुप्त कोल परियोजना में फायरिंग से दहशत
हजारीबाग केरेडारी प्रखंड
स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र में मंगलवार की रात अचानक हुई गोलीबारी से
पूरे इलाके में दहशत फैल गई। रात करीब साढ़े नौ बजे हथियारबंद अपराधियों ने
परियोजना क्षेत्र में घुसकर ओबी डम्प कार्य में लगे वाहन को निशाना बनाते हुए
फायरिंग की। इसके साथ ही कई राउंड हवाई फायरिंग कर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने
का प्रयास किया गया।घटना के बाद परियोजना में कार्यरत मजदूरों कर्मचारियों तथा
आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर उधर भागते नजर आए। गोलीबारी की आवाज से
पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही पगार ओपी पुलिस
हरकत में आ गई। थाना प्रभारी दिनेश मंडल अपनी टीम के साथ रात में ही घटनास्थल
पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। बुधवार सुबह पुलिस अधीक्षक अमन कुमार एसडीपीओ अमित आनंद केरेडारी थाना
प्रभारी वेद प्रकाश सहित अन्य अधिकारी
भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।जांच के दौरान
पुलिस को घटनास्थल से कई खाली खोखे और एक संदिग्ध पर्चा बरामद हुआ। पर्चे में राहुल दुबे गैंग के साथ अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला का नाम लिखा हुआ मिला
है। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न पहलुओं पर जांच तेज
कर दी है।पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे रंगदारी वर्चस्व की लड़ाई
अथवा किसी अन्य आपराधिक साजिश का हाथ है। अधिकारियों द्वारा परियोजना क्षेत्र में
कार्यरत लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं।पुलिस अधीक्षक
अमन कुमार ने बताया कि मामले में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और अपराधियों की पहचान
एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि
घटना में शामिल सभी अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।घटना
के बाद चंद्रगुप्त कोल परियोजना और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
कर दी गई है तथा पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।














