बोकारो पिंडराजोरा थाना क्षेत्र   से 5 साल पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुई सेजल झा के मामले में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। हाल ही में पुष्पा महतो केस के खुलासे के बाद सेजल झा की मां उषा झा को भी अपनी बेटी के मिलने की उम्मीद जगी है।उषा झा ने बोकारो उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सेजल झा 16 अक्टूबर 2020 को साइकिल लेकर घर से निकली थी, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी।काफी खोजबीन के बाद घर से कुछ दूरी पर उसकी साइकिल तो बरामद हुई लेकिन आज तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।पीड़िता की मां का आरोप है कि पिछले 5 वर्षों से वह लगातार पुलिस और प्रशासन के चक्कर काट रही हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कभी कहा जाता है कि केस सी आइ डी  को सौंप दिया गया है तो कभी  दफ्तर में इस तरह के किसी केस की जानकारी नहीं होने की बात कही जाती है।उन्होंने कहा कि अब उन्हें न्याय के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाने पर मजबूर होना पड़ सकता है।हाल के दिनों में पिंडराजोरा क्षेत्र में पुष्पा महतो केस के खुलासे ने एक बार फिर पुराने मामलों की जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं और पीड़ित परिवारों में नई उम्मीद जगाई है।