रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की बारीकी से जांच की।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ड्यूटी रोस्टर की जांच करते हुए निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक समय पर ओपीडी और वार्ड ड्यूटी में उपस्थित रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राउंड के समय डॉक्टरों की अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बायोमेट्रिक उपस्थिति का सख्ती से पालन किया जाए।डीसी ऋतुराज ने वार्डों का दौरा कर मरीजों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत की और अस्पताल की सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया।दवा स्टॉक रजिस्टर की जांच के दौरान उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि वही दवाएं लिखें जो अस्पताल में उपलब्ध हैं ताकि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की जरूरत न पड़े।साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को नि:शुल्क इलाज का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की गई।अस्पताल परिसर में साफ सफाई बनाए रखने और मरीजों के साथ शालीन व्यवहार करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि इलाज में लापरवाही या ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी।उपायुक्त ने कहा कि जिले के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और डॉक्टरों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।