देवघर चितरा कोलियरी हड़ताल पर सियासी बयानबाजी
देवघर जिले के चितरा कोलियरी में आज राष्ट्रव्यापी
हड़ताल का मिला जुला असर देखने को मिला। हालांकि इस हड़ताल को लेकर अब सियासत
भी तेज हो गई है। सारठ के पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने हड़ताल को पूरी तरह विफल
बताते हुए श्रमिक संगठनों पर सीधा हमला बोला है।जहाँ एक ओर विभिन्न श्रमिक संगठन
अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे,
वहीं पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि
यह हड़ताल मजदूरों के हित में नहीं बल्कि पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है। उनका
कहना है कि इस तरह के आंदोलनों से मजदूरों का कोई भला नहीं होने वाला।रणधीर सिंह
ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए कानूनों का समर्थन करते हुए कहा कि ये कानून
मजदूरों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए बनाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि
कुछ मुट्ठी भर लोग मजदूरों को गुमराह कर आंदोलन के नाम पर राजनीतिक लाभ उठाना
चाहते हैं।पूर्व विधायक ने दावा किया कि चितरा कोलियरी के जागरूक मजदूरों ने काम
पर लौटकर यह साफ कर दिया है कि वे इस हड़ताल के साथ नहीं हैं। उनके अनुसार मजदूरों
की सक्रियता ने इस हड़ताल की सच्चाई सबके सामने ला दी है।इस बयान के बाद चितरा
कोलियरी की हड़ताल को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है। एक ओर श्रमिक संगठन
इसे मजदूरों की आवाज बता रहे हैं
वहीं दूसरी ओर राजनीतिक दल इसे विफल और
प्रायोजित आंदोलन करार दे रहे हैं।














