पोटका प्रखंड अंतर्गत शंकरदा पंचायत के शंकरदा गांव में मड एंड मैडोज फार्म स्टेट का विधिवत उद्घाटन झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार जसाई मारडी समाजसेवी सोमेन मंडल, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा आनंद दास करुणा मय मंडल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।यह फार्म स्टेट पूरी तरह प्राकृतिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से विकसित किया गया है जहां ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। यहां स्कूली बच्चों किसानों और आम लोगों को जैविक खेती से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा जिससे वे प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित हो सकें।फार्म स्टेट के डॉक्टर विक्रम तिवारी ने बताया कि इस परिसर का निर्माण आदिवासी संस्कृति और प्राकृतिक परिवेश के अनुरूप किया गया है। यहां आने वाले लोगों को प्राकृतिक उपचार की सुविधा भी मिलेगी ताकि वे स्वच्छ वातावरण में स्वस्थ जीवन जी सकें। उन्होंने बताया कि पर्यटकों को पहाड़ भांगा की मनोरम वादियों की सैर भी कराई जाएगी, जिससे लोग प्रकृति के बीच सुकून के पल बिता सकेंगे।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडे ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह का फार्म स्टेट स्वास्थ्य प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा। इससे किसान, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण युवा विशेष रूप से लाभान्वित होंगे।इस दौरान डॉ. विक्रम तिवारी ने जानकारी दी कि वे अब तक देशभर में करीब दो करोड़ पौधों का रोपण कर चुके हैं। पिछले वर्ष 45 लाख पौधे लगाए गए थे जबकि इस वर्ष 50 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री दीपिका पांडे ने पौधारोपण कर अभियान की विधिवत शुरुआत की।फार्म स्टेट परिसर में विभिन्न राज्यों की कला और संस्कृति को दर्शाने के लिए विशेष कॉटेज का निर्माण भी किया गया है। इन कॉटेजों के माध्यम से छह राज्यों की कला संस्कृति और पारंपरिक कलाकृतियों का दर्शन कराया जाएगा जिससे यह स्थान पर्यटन की दृष्टि से भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।