रामगढ़ जिले के पतरातु प्रखंड अंतर्गत हेसला पंचायत स्थित टाइप 2 क्वार्टर पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रह रहे लोगों को आज प्रशासन द्वारा हटाया गया। यह भूमि पूर्व में पीटीपीएस की थी, जिसे बाद में हस्तांतरित कर जियाडा झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण को सौंप दिया गया था।बताया जा रहा है कि इस भूमि को लेकर लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा था। वहीं अतिक्रमण कर रह रहे लोगों की ओर से इस मामले को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की गई थी। हालांकि कोर्ट का फैसला अतिक्रमणकारियों के पक्ष में नहीं आया और जियाडा के पक्ष में डिग्री पारित कर दी गई।कोर्ट के आदेश के बाद आज 12 फरवरी को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान रामगढ़ जिले के एसडीएम अनुराग तिवारी पतरातु प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज गुप्ता अंचलाधिकारी मनोज चौरसिया सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की मदद से अवैध रूप से बने ढांचों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में जियाडा की भूमि या क्वार्टर पर अवैध रूप से रह रहे अन्य लोगों के खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि सरकारी और जियाडा की जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।