रामगढ़ जिले के पतरातु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय का गुरुवार को हजारीबाग जोन के डीआईजी अंजनी अंजन झा ने निरीक्षण किया। इस दौरान रामगढ़ पुलिस बल के जवानों द्वारा डीआईजी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।निरीक्षण के क्रम में डीआईजी अंजनी अंजन झा ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय के विभिन्न अभिलेखों की समीक्षा की। उन्होंने अपराध नियंत्रण से संबंधित मामलों केस डायरी फाइलों की जांच की और पुलिस को मिल रही सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने लंबित मामलों की प्रगति और अपराध मुक्त अभियान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।डीआईजी ने मौके पर जवानों के किट परेड का भी निरीक्षण किया और उनकी तैयारियों की सराहना की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनता के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने का निर्देश दिया।इस अवसर पर रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गोस्वामी पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र कुमार पतरातु थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, बासल थाना प्रभारी कैलाश कुमार, बरकाकाना ओपी प्रभारी उमाशंकर वर्मा भदानीनगर ओपी प्रभारी ओपी अख्तर अली तथा भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।डीआईजी के इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में सक्रियता और प्रशासनिक सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।