साहेबगंज पहाड़िया गांव छोटा बेतौना में वृहद निःशुल्क मेडिकल कैम्प
साहेबगंज मंडरो प्रखंड अंतर्गत छोटा बेतौना पहाड़िया गांव में मंगलवार को
स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक वृहद निःशुल्क मेडिकल कैम्प का आयोजन किया गया। इस
मेडिकल कैम्प में आसपास के 12 पहाड़िया
गांवों से आए 1500 से
अधिक ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार
किया गया।कैम्प के दौरान सर्दी खांसी बुखार पेट की बीमारी त्वचा रोग उच्च रक्तचाप मधुमेह सहित अन्य सामान्य बीमारियों की
जांच की गई। इसके साथ ही सभी ग्रामीणों को फाइलेरिया
की दवा भी खिलाई गई। जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं जिससे ग्रामीणों में
काफी राहत देखी गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल
सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने की। इस अवसर पर सभी ग्राम प्रधानों
ने सिविल सर्जन को बुके भेंट कर सम्मानित किया और पहाड़िया क्षेत्र में लगातार
स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी।मेडिकल कैम्प में
चिकित्सक डॉ. मुकेश कुमार बोरियो
प्रभारी पंकज कुमार सीएचओ एएनएम एमपीडब्ल्यू एवं सहिया साथी सक्रिय रूप
से मौजूद रहे। सभी स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों की जांच और दवा वितरण में अहम
भूमिका निभाई।ग्रामीणों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में लगाए गए इस मेडिकल कैम्प की
सराहना करते हुए इसे बेहद उपयोगी बताया और भविष्य में भी ऐसे कैम्प नियमित रूप से
आयोजित करने की अपील की।इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने ग्रामीणों से
अपील की कि किसी भी बीमारी की स्थिति में सदर
अस्पताल आकर इलाज कराएं और झाड़ फूंक या ओझा गुणी के चक्कर में न पड़ें। उन्होंने बताया कि पहाड़िया क्षेत्र
के लोगों की सुविधा के लिए करम पहाड़ गांव में
एक एंबुलेंस तैनात की गई है ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को शीघ्र
सदर अस्पताल पहुंचाया जा सके।














