मधुपुर रेलवे स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए आरपीएफ ने नो पार्किंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। रेलवे मजिस्ट्रेट विवेक राज के निर्देश पर सर्कुलेटिंग एरिया में यह विशेष कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान नो पार्किंग जोन में खड़े कई दोपहिया वाहनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ ऑन स्पॉट चालान काटा गया। कई वाहन चालकों से जुर्माना वसूला गया वहीं कुछ वाहनों को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।आरपीएफ इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई यात्रियों की सुविधा और स्टेशन परिसर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही अपने वाहन खड़ा करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।