गिरिडीह जिले के जमुआ देवघर मुख्य मार्ग स्थित टिकामघा के हिंदुस्तान पेट्रोलियम HP पंप पर सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। यहां प्लास्टिक की बोतलों और डब्बों में पेट्रोल बेचे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार पेट्रोलियम अधिनियम 1934 और सुरक्षा मानकों के तहत ज्वलनशील पदार्थों को केवल निर्धारित धातु कंटेनरों में ही बेचा जा सकता है। इसके बावजूद यहां खुलेआम प्लास्टिक बोतलों में पेट्रोल दिया जा रहा है जो बेहद खतरनाक है और किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है।स्थानीय सूत्रों का कहना है कि यह अवैध गतिविधि लंबे समय से जारी है लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि पंप का संचालन बिहार के नालंदा निवासी प्रेम कुमार द्वारा लीज पर किया जा रहा है।क्षेत्र में पेट्रोल डीजल की कमी के बीच बिचौलियों द्वारा तेल खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचने की भी बात सामने आ रही है। इससे आम लोगों को परेशानी हो रही है और कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है।इतने गंभीर मामले के बावजूद प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। संबंधित अधिकारियों से संपर्क की कोशिश के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन कब जागेगा और इस खतरनाक लापरवाही पर क्या कार्रवाई होगी