हजारीबाग जिले में मोटर व्हीकल टैक्स को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जिले के 48,379 वाहन मालिकों पर एक अरब रुपये से अधिक का मोटर व्हीकल टैक्स बकाया है। परिवहन विभाग ने टैक्स डिफॉल्टरों की सूची तैयार कर ली है और सभी बकायेदारों को एक सप्ताह के भीतर टैक्स भुगतान करने का निर्देश दिया गया है।इस संबंध में हजारीबाग जिला परिवहन पदाधिकारी बैद्यनाथ कामती ने महुआ खबर से खास बातचीत में बताया कि निर्धारित समय सीमा के अंदर टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ सर्टिफिकेट केस, वारंट और कुर्की जैसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बार बार सूचना देने के बावजूद कई वाहन मालिक टैक्स भुगतान में लापरवाही बरत रहे हैं। अब विभाग किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगा और नियम के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।परिवहन विभाग ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपना बकाया मोटर व्हीकल टैक्स जमा कर दें, ताकि किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।