सरायकेला खरसावां जिले के कुकडू प्रखंड में जंगली हाथियों के हमले में हुई मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मृतक मुनी राम गोराई के अंतिम संस्कार में आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो शामिल हुए और परिजनों को सांत्वना दी।जानकारी के अनुसार रविवार शाम मुनी राम गोराई राशन लेकर घर लौट रहे थे तभी कुकडू प्रखंड मुख्यालय के पास हाथियों ने उन्हें घेर लिया और कुचलकर मार डाला।अंतिम संस्कार के दौरान हरे लाल महतो ने इस घटना को गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते हाथियों की गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो हालात और भयावह हो सकते हैं।उन्होंने राज्य सरकार, स्थानीय विधायक और वन विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि बार-बार ऐसी घटनाओं के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।घटना के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के बढ़ते आतंक से वे लगातार भय में जी रहे हैं और प्रशासन से सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।हरे लाल महतो ने शोक संतप्त परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया और कहा कि पीड़ितों के हक की लड़ाई जारी रहेगी।