लोहरदगा जिले के लोहरदगा गुमला मुख्य पथ NH 143A पर बक्सीडीपा जंगल के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें हाइवा ट्रक और एलडीओ केमिकल लदे टैंकर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और हाइवा चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। चालक कई घंटों तक वाहन के अंदर ही फंसा रहा।जानकारी के अनुसार हाइवा ट्रक लोहरदगा से गुमला की ओर जा रहा था जबकि एलडीओ लदा टैंकर उड़ीसा से हाजीपुर पटना की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाइवा चालक को नींद आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे टैंकर से सीधी भिड़ंत हो गई।हादसे में पलामू निवासी हाइवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से जेसीबी और हाइड्रा मशीन की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।घायल चालक को 108 एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल लोहरदगा ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।थाना प्रभारी के अनुसार चालक के दोनों पैरों में गंभीर चोट आई है और अंदरूनी चोट की भी आशंका है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।