इंजीनियर की काली कमाई का कच्चा चिट्ठा, पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता के ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी
पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पर्यटन विभाग में तैनात अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के ठिकानों पर छापेमारी की है। अभियंता पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में आय से करीब 75 प्रतिशत अधिक, लगभग 1.42 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित करने का प्रमाण मिलने के बाद 16 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार और शनिवार को पटना स्थित उनके आवास, कार्यालय समेत तीन ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान संपत्ति, बैंक खातों, निवेश और आभूषणों से जुड़े कई दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। जांच एजेंसी अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों के स्रोत की पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा की चल-अचल संपत्तियों से संबंधित कई जानकारियां सामने आई हैं। बताया गया है कि पटना में उनके तीन फ्लैट्स का पता चला है। आशियाना नगर में 2 कट्ठा 4 धूर जमीन करीब 75.63 लाख रुपये में खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। इस जमीन पर मकान के निर्माण में करीब 97 लाख रुपये खर्च किए जाने की बात कही गई है। तलाशी के दौरान जांच टीम को 12 प्लॉट से संबंधित सेल डीड भी मिली हैं। एजेंसी इन दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संपत्तियों की खरीद के लिए धन कहां से आया। इसके अलावा एक हुंडई कार भी मिलने की जानकारी है। निगरानी ब्यूरो को तलाशी के दौरान कुल 19 बैंक खातों की जानकारी मिलने की बात सामने आई है। इन बैंक खातों में जमा रकम और लेन-देन के रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच एजेंसी को बीमा पॉलिसियों और अन्य वित्तीय निवेश से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। अधिकारियों द्वारा यह पता लगाया जा रहा है कि इन निवेशों के लिए इस्तेमाल की गई रकम का स्रोत क्या था। कार्रवाई के दौरान कई डिजिटल और कागजी दस्तावेज भी जब्त किए जाने की बात कही गई है। तलाशी के दौरान 61 हजार रुपये नकद मिलने की जानकारी है। इसके अलावा करीब 5.05 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, 3.07 लाख रुपये के हीरा जड़ित स्वर्णाभूषण और करीब 1.52 लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। इन आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। जांच एजेंसी इनके वैध स्रोतों की भी पड़ताल कर रही है। इधर, बिहार में एक अन्य मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बांका जिले से जुड़े कथित अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्रवाई की है। रिपोर्ट के अनुसार, ईडी के पटना क्षेत्रीय कार्यालय की कार्रवाई के दौरान करीब 2.92 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा सेल डीड, बैंक खातों से संबंधित विवरण, चेक बुक, लोन एग्रीमेंट, निवेश संबंधी दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में जांच एजेंसियां बरामद दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही हैं।आशियाना नगर में मकान, 12 प्लॉट की सेल डीड मिली
19 बैंक खातों की जानकारी, लेन-देन की जांच
नकदी और करीब 10 लाख के आभूषण बरामद
बांका अवैध खनन मामले में ED की कार्रवाई















