मोतिहारी में जमीन के नीचे मिली करोड़ों की अष्टधातु मूर्तियां, राम-जानकी मंदिर चोरी का पुलिस ने किया खुलासा
मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के लखौरा थाना क्षेत्र स्थित राम-जानकी मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की बेशकीमती मूर्तियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को सूचना मिली कि लखौरा मिडिल स्कूल के समीप स्थित राम-जानकी मंदिर से भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु की मूर्तियां तथा मुकुट चोरी हो गए हैं। सूचना मिलते ही लखौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने लखौरा बरवा निवासी अमोद कुमार साह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए पुलिस को मूर्तियों के छिपाए जाने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाई गई भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की अष्टधातु की मूर्तियां तथा मुकुट बरामद कर लिए। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले में एक-दो अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा कर लिया जाएगा। एसपी ने बताया कि हाल के दिनों में जिले में मंदिरों में चोरी की दो घटनाएं सामने आई थीं। दो दिन पहले केसरिया थाना क्षेत्र के एक मंदिर से दानपेटी और नकदी चोरी हुई थी, जिसका भी पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। मंदिरों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। एसपी ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले संबंधित गश्ती दल और चौकीदारों को निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिर प्रबंधन के साथ बैठक कर सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात्रि प्रहरी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले के सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।















