नई दिल्ली: दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर गुरुवार को कश्मीरी युवक फहीम नजीर की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। घटना उस समय की बताई जा रही है, जब इसी रेस्टोरेंट में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने INDIA ब्लॉक के नेताओं को लंच के लिए बुलाया था। फहीम नजीर का आरोप है कि कांग्रेस समर्थकों ने उसके साथ मारपीट की।

फहीम नजीर ने घटना के बाद कहा कि वह श्रीनगर का रहने वाला है और उसने राहुल गांधी को कोई गाली नहीं दी थी। उसका कहना है कि वह केवल सवाल उठा रहा था कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो EVM पर सवाल क्यों नहीं उठाए जाते।

फहीम नजीर ने क्या कहा?

फहीम नजीर ने कहा कि उसके पास मौजूद वीडियो फुटेज से घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकती है। उसने दावा किया कि उसने राहुल गांधी को गाली नहीं दी, इसके बावजूद उसके साथ मारपीट की गई। उसने कहा कि वह लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी के तहत सवाल उठा रहा था।

फहीम ने EVM को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि चुनाव में विपक्ष के जीतने पर EVM को लेकर आपत्ति नहीं की जाती, जबकि हार के बाद EVM पर सवाल उठाए जाते हैं।

पोस्टर और नारेबाजी के बाद बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि फहीम नजीर कनॉट प्लेस स्थित रेस्टोरेंट के बाहर एक पोस्टर लेकर पहुंचा था। उसके द्वारा केंद्र सरकार के समर्थन में नारेबाजी किए जाने की बात भी सामने आई है। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और मारपीट में शामिल लोगों को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।