5.80 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया
जमशेदपुर: मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 26 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन शुगर का कुल वजन 5.80 ग्राम है। कार्रवाई पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, मुर्दा मैदान में छापेमारी के दौरान पुलिस टीम की नजर एक युवक पर पड़ी। संदिग्ध गतिविधि के आधार पर उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान न्यू पुरुलिया रोड नंबर-02 निवासी अजहर महमूद के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी युवक को उलीडीह ओपी लेकर पहुंची, जहां उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अजहर महमूद को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार, उलीडीह ओपी प्रभारी मोहम्मद शारिक अली और पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।संदिग्ध गतिविधि के आधार पर हिरासत में लिया
NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज














