गोड्डा सदर प्रखंड के ढोढरी पंचायत अंतर्गत ढोढरी गांव में सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। इसको लेकर ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपी है।

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की एक सरकारी भूमि, जो वर्षों से गड्ढानुमा होने के कारण सालभर पानी से भरी रहती थी, उस पर अवैध रूप से मिट्टी भरकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इस जलभराव का उपयोग सिंचाई और मवेशियों को पानी पिलाने के लिए किया जाता था।

तीन लोगों पर लगाया अतिक्रमण का आरोप

शिकायत में ग्रामीणों ने गांव के ही प्रमोद पूर्वे, महेंद्र पूर्वे और नंदलाल पूर्वे पर सरकारी भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संबंधित लोग मिट्टी भरकर वहां निर्माण करा रहे हैं।

विरोध करने पर धमकी देने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया तो उन्हें गाली-गलौज की गई, जान से मारने की धमकी दी गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की बात भी कही गई।

उपायुक्त, एसडीओ और थाना को सौंपा आवेदन

ग्रामीणों ने पूरे मामले की लिखित शिकायत उपायुक्त गोड्डा को सौंपते हुए सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आवेदन की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और संबंधित थाना को भी भेजी गई है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।