तीनपहाड़ साहिबगंज : आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को तीनपहाड़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी गौरव भगत ने की। बैठक में पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने सभी पूजा समितियों से रूट चार्ट की जानकारी ली। बताया गया कि तीनपहाड़ के अलावा निमगाछी, बभनगामा, तेतुलिया, सुतीयरपाड़ा और बाकुड़ी में भी दुर्गापूजा का आयोजन किया जाता है। इस दौरान कलश यात्रा, मेला और प्रतिमा विसर्जन से संबंधित तैयारियों एवं मार्गों की जानकारी भी ली गई।

तीनपहाड़ में पूजा के दौरान जाम की समस्या को देखते हुए पूजा समिति की ओर से वाहनों के लिए नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने की मांग रखी गई। साथ ही बैंक मोड़ और आरपी विद्या विहार के पास बैरियर लगाने का प्रस्ताव भी दिया गया, जिस पर प्रशासन की ओर से सहमति जताई गई।

थाना प्रभारी गौरव भगत ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गापूजा मनाएं। उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान हुड़दंग करने वाले लोगों पर प्रशासन की नजर रहेगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध या महत्वपूर्ण सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की।

बैठक में एसआई महेंद्र कुमार, शहीद अहमद खान, तीनपहाड़ दुर्गा पूजा समिति के सचिव सिद्धार्थ यादव उर्फ बल्ला, रंधीर सिंह, कुंदन सिंह, चंदन श्रीवास्तव, रामजन्म सिंह, पिंटू यादव, आकाश साहा, सुजीत राय, राजू भगत, सूरज कुमार, संजीत स्वर्णकार, रंजीत दास, गणेश स्वर्णकार, नंदलाल स्वर्णकार, शाहिद रिजवी, बलराम सिंह, आशीष चौरसिया, प्रदीप स्वर्णकार, राहुल यादव, अब्दुला अंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक के माध्यम से प्रशासन और पूजा समितियों ने दुर्गापूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया।