बोकारो PWD की बड़ी चूक, शिलान्यास पट्ट पर धनबाद सांसद ढुलू महतो को बताया गिरिडीह का सांसद
बोकारो चंदनकियारी में पथ
निर्माण विभाग (PWD) की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
बरमसिया-हुटुपाथर-आद्राकुड़ी-मिर्धा (NH-32)
पथ के IRQP
कार्य के शिलान्यास पट्ट पर धनबाद के
सांसद ढुलू महतो को गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र का सांसद बताया गया है। पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल बोकारो की
ओर से कराए जा रहे करीब 15.41 किलोमीटर
लंबे सड़क कार्य के शिलान्यास पट्ट पर लिखा गया है कि यह कार्यक्रम “श्री ढुलू महतो, माननीय सांसद, गिरिडीह लोकसभा
क्षेत्र” की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। हालांकि, संसद की आधिकारिक
सदस्य सूची के अनुसार ढुलू महतो धनबाद लोकसभा क्षेत्र के वर्तमान सांसद हैं, जबकि चंद्र प्रकाश
चौधरी गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के वर्तमान सांसद हैं। मामले को लेकर जेएलकेएम के केंद्रीय
महासचिव सह चंदनकियारी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अर्जुन रजवार ने प्रेस
विज्ञप्ति जारी कर विभाग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शिलान्यास पट्ट पर
सांसद के लोकसभा क्षेत्र का गलत उल्लेख किया गया है। उनके अनुसार, स्थानीय विधायक ने
शिलान्यास कार्यक्रम किया, जबकि सांसद ढुलू महतो कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे। अर्जुन रजवार ने कहा कि करोड़ों रुपये
की सड़क परियोजना के शिलान्यास पट्ट पर ही लोकसभा क्षेत्र का गलत उल्लेख होना
विभाग की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब
शिलापट्ट तैयार करने में इतनी बड़ी चूक हो सकती है तो सड़क निर्माण की गुणवत्ता को
लेकर भी लोगों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है। इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी
चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि सरकारी परियोजना के शिलान्यास पट्ट पर
जनप्रतिनिधि के निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी तक सही नहीं होना विभागीय
कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल शिलान्यास पट्ट की तस्वीर सोशल
मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। मामले में विभागीय अधिकारियों की ओर
से तत्काल कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, आधिकारिक रिकॉर्ड के
मुताबिक ढुलू महतो धनबाद और चंद्र प्रकाश चौधरी गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र का
प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।













