पोटका: हाता दुर्गा मंदिर परिसर में मंगलवार को मुखिया देवी कुमारी भूमिज की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में मानगो, साकची और रेलवे स्टेशन बस स्टैंड से हाता-हल्दीपोखर आने वाले यात्रियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मनमाने किराए की वसूली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बस एजेंट यात्रियों को बस में चढ़ने से रोकते हैं। निर्धारित किराए से अधिक राशि नहीं देने पर यात्रियों को बीच रास्ते में उतारने और गाली-गलौज करने की शिकायत भी बैठक में सामने आई। इसके अलावा महिला और बुजुर्ग यात्रियों को सीट से जबरन उठाने का भी आरोप लगाया गया।

बैठक में ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत उपायुक्त, एसएसपी, संबंधित बस मालिकों और मानगो बस स्टैंड के मुख्य एजेंट से करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने मांग की कि यात्रियों को निर्धारित किराए पर सम्मानपूर्वक यात्रा की सुविधा सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई तो हाता चौक पर संबंधित बसों का परिचालन अनिश्चितकाल के लिए ठप किया जा सकता है।

बैठक में मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना की बसों में छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों से किराया वसूली रोकने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों ने कहा कि यात्रियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और किराए को लेकर मनमानी पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।